जबलपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना ने नैनपुर रेलवे स्टेशन की किस्मत बदल दी है। कई असुविधाओं से जूझ रहे नैनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने लगी हैं। दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आकर्षक स्टेशन भवन, वाई फाई यात्री प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, सुगम आवागमन, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक को समाहित करते हुए स्टेशन को विकसित किया गया है।
नैनपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास 17.86 करोड़ खर्च हुए। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया गया है। अब यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने लगी हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नैनपुर सहित देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया।
कार्यक्रम में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा नैनपुर स्टेशन अंग्रेजो द्वारा 1904 में स्थापित किया गया था। आज इस स्टेशन को देखकर बहुत खुशी होती है। मंडला के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, मंत्री सम्पतिया उईके, नागपुर डीआरएम दीपक गुप्ता मौजूद रहे।
