khabar abhi tak

ओवरनाइट एक्सप्रेस में महिला यात्री से मंगलसूत्र की लूट, जी.आर.पी. का त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, माल बरामद

जबलपुर. इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस में रविवार की देर रात जबलपुर से भोपाल की यात्रा कर रही एक महिला यात्री के साथ झपटमारी की घटना पर जीआरपी थाना जबलपुर ने त्वरित एक्शन लेते हुए चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है.

महिला यात्री द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ओवरनाइट ट्रेन से जबलपुर से भोपाल की यात्रा कर रही थी। ट्रेन के जबलपुर रेलवे स्टेशन छूटने पर एक अज्ञात युवक उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना जी.आर.पी. जबलपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी व पुलिस उप अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या जबलपुर के मार्गदर्शन में थाना जी.आर.पी. जबलपुर की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी सोहित पिता कल्लू उर्फ शाहिद अंसारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी मक्का नगर गली नंबर-05, थाना हनुमानताल, जिला जबलपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने ओवरनाइट ट्रेन में झपटमारी की उक्त वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से एक सोने पेंडल 04 नग सोने की गुरिया कुल अनुमानित कीमत 35,500 रुपये का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत, एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, हेड कांस्टेबल मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, सत्येंद्र सिंह, रविकांत रजक, ओमप्रकाश, कांस्टेबल परशुराम, गोपाल उमेश एवं आरपीएफ से आरक्षक हरिकेश, आरक्षक प्र आर प्रेम सिंह की अहम भूमिका रही.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak