जबलपुर। गोहलपुर थानान्तर्गत चौधरी मोहल्ला में उस वक्त अफरातफरी व भगदड़ मच गई, जब तीन बदमाशों ने गौरव चौधरी व योगेन्द्र नामक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। हमले की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने खून से लथपथ घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार चौधरी मोहल्ला गोहलपुर निवासी गौरव चौधरी वेटर का काम करता है। बीती रात 12 बजे के लगभग गौरव अपने दोस्त योगेन्द्र उर्फ पंतुल चौधरी के साथ घर जाने निकला। जब वह सुशील परिसर गेट के अंदर पहुंचा। तभी नितिन, पप्पू चौधरी, अप्पू रैकवार, अक्षय चौधरी ने रोककर शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। गौरव व पंतुल ने रुपए देने से इंकार किया तो मारपीट शुरु कर दी। जिसका विरोध करने पर तीनों बदमाशों ने चाकू निकालकर गौरव व पंतुल पर ताबड़तोड़ हमले करना शुरु कर दिया। गौरव व पंतुल पर हमला होते देख आसपास से गुजर रहे लोगों में भगदड़ व चीखपुकार मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उन्हे खदेड़ दिया। हमले में दोनों युवकों के जांघ, पीठ, हाथ व पैर में चोट आई। युवकों पर हमला होने की खबर मिलते ही उनके परिजन पहुंच गए, जिनकी सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।
चाय दुकान संचालक पर हमला-
इसी तरह सिंधी केम्प हनुमानताल क्षेत्र में आज सुबह 5 बजे के लगभग चाय दुकान संचालित करने वाले युवक राकेश कुवानी पर शिवंास सोनकर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में राकेश के पैरों में चोट आई। घायल राकेश ने थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शिवांस ने धमकी देते हुए कहा कि दुकान चलाना है तो रुपया देना होगा। इंकार करने पर हमला कर दिया। पुलिस ने घायल राकेश की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।