मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में पत्थर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और दो पुरुषों समेत तीन की मौके पर मौत हो गई। मरने वालों में ऑटो ड्राइवर भी शामिल है। ऑटो में कुल 8 लोग सवार थे। 5 लोग घायल हैं। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये सभी लोग बानमौर विजय पुरा से माता बसैया के पास स्थित भूमिया बाबा मंदिर दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय पारासर की तेवरिया के पास हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार हादसा सुबह साढ़ें 10 बजे हुआ। ड्राइवर को छोड़ ऑटो सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं।
हादसे में इनकी मौत हुई
महेंद्र पुत्र बाबू लाल राठौर (50), मनोरमा पत्नी राजेंद्र राठौर (45) व रामकेश पिता देवीराम कुशवास, जबकि घायलों में सूरज पुत्र महेंद्र राठौर (24), वंशिका पुत्री राहुल (2), गुंजन पुत्री भूरा राठौर (11), अंजलि पत्नी सूरज राठौर (21), मीना पत्नी रामकरण राठौर (45).
