khabar abhi tak

मन्नत पूरी नहीं हुई तो हनुमानजी की मूर्ति तोड़ी, एक महीने के बच्चे की मौत का गुस्सा मंदिर पर निकाला

सीधी. एमपी के सीधी जिले में एक महीने के पोते की मौत के बाद सदमे में दादा ने भगवान हनुमान की प्रतिमा तोड़ दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। अमिलिया थाना पुलिस के अनुसार, बलहया निवासी 56 वर्षीय रामभुवन द्विवेदी के एक महीने के पोते को निमोनिया हो गया था। 4 जुलाई को उसे सीधी जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।

परिवार ने बच्चे के स्वस्थ होने की कामना को लेकर पूर्वजों के मंदिर में स्थापित भगवान बजरंग बली से मन्नत मांगी। परिवार ने संकल्प लिया था कि बच्चा ठीक होने पर मंदिर में भंडारा, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन कराया जाएगा। इलाज के दौरान सोमवार रात करीब 8 बजे बच्चे की मौत हो गई। उसे देर रात घर लाया गया। इसकी जानकारी जब दादा रामभुवन द्विवेदी को लगी तो वह सदमे में आ गए। उन्होंने मंगलवार 14 जुलाई की सुबह 9 बजे मंदिर पहुंचकर मूर्ति तोड़ दी और मंदिर के पास बैठकर रोने लगे।

ग्रामीणों ने दी सूचना, पुलिस मौके पर पहुंची

प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने सिहावल पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने पोते की मौत से हुए मानसिक आघात के कारण यह कदम उठाया। सिहावल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना पोते की मौत के गहरे सदमे में हुई प्रतीत होती है। आरोपी रामभुवन द्विवेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak