जबलपुर। कटंगी इलाके में 31 किसानों के साथ 80 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शहपुरा हरदुआ के राजा सिंह लोधी और कटंगी राजघाट के सोहन लोधी ने 6 गांवों के किसानों से 4 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच 5650 क्विंटल गेहूं और 150 क्विंटल चने की बंपर खरीदी की थी। व्यापारियों ने कुल 73 ट्रक गेहूं और 2 ट्रक चना खरीदा था। शुरुआत में 11 लाख 99 हजार रुपये का नकद भुगतान करने के बाद बाकी रकम के बदले दिए गए चेक बैंक में बाउंस हो गए। इस ठगी के शिकार सतेंद्र कुर्मी, हल्हे सिंह लोधी, गजेंद्र पाल सिंह, कुसल सिंह, राघवेंद्र सिंह, तखत सिंह, राजकुमार लोधी, निर्भय सिंह, लाल सिंह, देवेंद्र सिंह, सोबरन सिंह, हाकम सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, सुखचैन सिंह, जीवन सिंह, पवन सिंह, अवधेश सिंह, एवेंद्र सिंह, लोटन सिंह, भजन सिंह, सूरत सिंह, आलोक कुमार जैन, अभिषेक सिंह, भूपेंद्र सिंह, लाल सिंह, अजय सिंह, तखत सिंह, शैलजा तिवारी, पर्वत सिंह, सुशील बर्मन, नरेश बर्मन, गणेश कुशवाहा, दिनेश साहू, प्रहलाद बर्मन और सूरज पटेल हैं।
पुलिस पड़ताल में जुटी,पर कोई सुराग नहीं
किसानों का आरोप है कि व्यापारियों ने विश्वास जीतकर उपज तो ले ली, लेकिन भुगतान के समय जानबूझकर फर्जी चेक थमा दिए। मेहनत की कमाई डूबने की आशंका से परेशान किसान लगातार कटंगी थाने के चक्कर लगा रहे हैं। पुलिस ने सभी 31 किसानों के बयानों के आधार पर दोनों व्यापारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का गंभीर मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और अब वे पूरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किसानों की बकाया राशि वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या व्यापारियों ने कोई बड़ी साजिश रची थी।
