जबलपुर। कोतवाली थानान्तर्गत पंजाब बैंक कालोनी में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब अंकित चौधरी नामक युवक को फांसी के फंदे पर लटकते देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। अंकित ने उस वक्त फांसी लगाई है जब माता पिता अपने कमरे में सोने के लिए चले गए थे। मां द्रौपदीबाई चौधरी ने सुबह उठकर देखा तो बेटा फांसी के फं दे पर झूल रहा है। पुलिस के अनुसार पंजाब बैंक कालोनी शिवधाम में रहने वाले मोहन चौधरी उम्र 65 वर्ष, उनकी पत्नी द्रौपदी बाई, बेटे अंकित चौधरी सहित परिवार के सभी सदस्यों बीती रात 12 बजे के लगभग खाना खाया। इसके बाद कुछ देर बातचीत करते रहे और फिर सभी लोग अपने अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। इस दौरान अंकित उम्र 24 वर्ष ने अपने कमरे में पंखे पर फंदा डालकर फांसी लगा ली। आज सुबह 6 बजे के लगभग मां द्रौपदी बाई सोकर उठी तो देखा कि अंकित पंखे के कुंदे में नाईलोन की रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक रहा है। बेटे को फांसी के फंदे पर लटकते देख मां चीख पड़ी, शोर सुनकर पिता सहित अन्य परिजन पहुंच गए, यहां तक कि आसपास के लोग भी घरों से निकल आए। सभी ने फंदा काटकर अंकित को दमोहनाका स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद अंकित चौधरी को मृत घोषित कर दिया। अंकित के फांसी लगाए की खबर से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया, लोगों के बीच घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम लिया है।पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में जो भी तथ्य सामने आएगे, उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।