जबलपुर। छात्राओं की सुरक्षा एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन के अध्यक्ष डॉ अजय वाधवानी ने गुरूवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकान्त शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा मजनू स्क्वॉड को प्रभावी रूप से सक्रिय करने की मांग की।
मुलाकात के दौरान विशेष रूप से सिविल लाइंस क्षेत्र में छात्राओं एवं महिलाओं के साथ छेड़छाड़ तथा असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिससे छात्राओं, स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों में चिंता का वातावरण है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने संगठन को आश्वस्त किया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में भी विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर के सभी प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, पीछा करने अथवा उत्पीड़न जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष निगरानी के लिए मजनू स्क्वॉड को सक्रिय रूप से लगाया जाएगा। ज्ञापन में भावना निगम, आशीष त्रिपाठी, डॉ अभिषेक जैन थे।
