जबलपुर। लार्डगंज थाना अंतर्गत आगा चौक पर बीती रात पैसों की मांग को लेकर दो युवकों पर चाकू से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। बड़ी उखरी विजयनगर निवासी 24 वर्षीय कन्हैया रैकवार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त विनय रैकवार के साथ एक्टिवा से घर लौट रहा था। पेट्रोल पंप के पास यश ठाकुर और यश बेन नामक युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन 500 रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर यश ठाकुर ने कन्हैया की जांघों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पर यश बेन ने विनय की बाईं जांघ पर चाकू मार दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घायल को अस्पताल में किया भर्ती
घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने कन्हैया की शिकायत पर यश ठाकुर और यश बेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296ए, 118(1), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लार्डगंज पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। शहर में हुई इस वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
