khabar abhi tak

संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्रा कर रही गर्भवती महिला की अचानक बिगड़ी तबियत रेलवे स्टाफ ने समय पर उपलब्ध कराया उपचार

जबलपुर. पमरे के जबलपुर मंडल रेल प्रशासन की तत्परता एवं समन्वित कार्यवाही के परिणामस्वरूप कटनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार 9 जुलाई को एक गर्भवती महिला यात्री को समय रहते चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर सुरक्षित उपचार सुनिश्चित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संघमित्रा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12295) में यात्रा कर रही लगभग 20 वर्षीय महिला, जो गर्भावस्था के सातवें से आठवें माह में थीं, को यात्रा के दौरान अचानक पेट में तीव्र दर्द की शिकायत हुई।

घटना की सूचना मिलते ही उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) महेंद्र कुमार ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए रेलवे चिकित्सक तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को मौके पर बुलाया। रेलवे चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान करने के उपरांत महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहाँ एम्बुलेंस के माध्यम से सुरक्षित पहुँचाया गया।

जबलपुर रेल मंडल की त्वरित कार्यवाही, चिकित्सकीय टीम की सक्रियता तथा संबंधित कर्मचारियों की संवेदनशीलता एवं समन्वय के कारण महिला यात्री को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सका। महिला के परिजनों ने इस कठिन परिस्थिति में त्वरित सहायता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने के लिए रेलवे प्रशासन, रेलवे चिकित्सक तथा उपस्थित रेलवे कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह घटना यात्रियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को पुन: रेखांकित करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak