जबलपुर। पनागर के पड़ाव मोहल्ला में सोमवार को एक घर में दबिश देकर रसोई गैस सिलेंडर से वाहनों में भरी जा गैस का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने दबिश देकर ऑटो में रसोई गैस भरते हुए रिफिलर को पकड़ा और उसके कब्जे से सिलेंडर सहित अन्य सामग्री जब्त की।
पनागर पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पड़ाव मोहल्ला पनागर निवासी बड्डू बर्मन मोहित टेंट हाउस के सामने पड़ाव मोहल्ला में अवैध रूप से आटो में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिफलिंग कर रहा है। सूचना पर दबिश दी गइर्, जहां मुखबिर के बताये हुलिये का व्यक्ति मोहित टेंट हाउस के सामने पड़ाव मोहल्ला में इंडेन कम्पनी के एलपीजी गैस सिलेण्डर को तौल कांटा में रखकर गैस रिफलिंग मोटर पम्प के माध्यम से आटो क्रमांक एमपी 20 आर 7411 में लापरवाही पूर्वक गैस रिफलिंग करते दिखा। आटो चालक पुलिस को देखकर भाग गया। गैस रिफलिंग करने वाले व्यक्ति से नाम पता पूछने पर अपना नाम बड्डू बर्मन बताया। आरोपी द्वारा अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डर से आटो में गैस रिफलिंग करते मिलने से आरोपी के कब्जे से 1 गैस सिलेण्डर, जिसमें 1 सटक व नोजल लगा हुआ, 1 इलेक्ट्रानिक तौल कांटा, इलेक्ट्रिक मोटर पम्प जिसमें वायर लगी हुई तथा सवारी आटो क्रमांक एमपी 20 आर 7411 जब्त किया।