khabar abhi tak

बर्फ पर जबलपुर का जलवा, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छाएंगे चार सितारे



जबलपुर। देहरादून में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व संस्कारधानी जबलपुर के चार विशेष खिलाड़ी करेंगे। विशेष ओलंपिक भारत मध्य प्रदेश की इस 4 सदस्यीय टीम में ईशान गुप्ता, उत्कर्ष कुमार जैन, श्रेष्ठ मिश्रा और राघव वर्मा शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने मुख्य कोच रामकिशोर सोनी और असिस्टेंट कोच अमर कदम के कड़े मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कोचों के तकनीकी निर्देशन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले ये खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वेलकम टू स्पेशल चाइल्ड स्पोर्ट्स अकादमी जबलपुर की संरक्षक डॉ. मधूलिका त्रिपाठी और श्रीमती ज्योत्सना सिंह ठाकुर ने टीम को उत्साह के साथ विदाई दी है। वहीं, विशेष ओलंपिक भारत मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक दीपांकर बेनर्जी, खेल निदेशक एहतेशाम उद्दीन और सहायक खेल निदेशक राजेंद्र बारस्कर ने भी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

​पदक जीतने की उम्मीद बढ़ी

​इन खिलाड़ियों के चयन से जबलपुर खेल जगत में खुशी की लहर है। शहर के नागरिकों और खेल संगठनों ने टीम को पदक जीतने के लिए अग्रिम बधाई दी है। कठिन परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखने वाले इन विशेष खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से राष्ट्रीय पटल पर स्थान बनाया है। टीम प्रबंधन को पूरा भरोसा है कि ये खिलाड़ी प्रतियोगिता में पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। खेल प्रेमियों का मानना है कि जबलपुर के इन खिलाड़ियों की सफलता अन्य विशेष बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak