जबलपुर। आज से लेकर आगामी 12 जुलाई तक मौसम को लेकर खतरनाक स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश बादलों से घिर गया है। तेज बारिश की आशंका बन रही है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश की वजह से नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले तीन दिनों में इसके उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। कहीं तेज बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है तो कहीं लगातार बरसात ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ी राज्यों में भी लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में मौसम विभाग की ताजा सलाह पर नजर रखना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।