जबलपुर। जबलपुर में नेपियर टाउन स्थित नचिकेता स्कूल में अध्ययनरत दसवीं कक्षा के छात्र छायांक यादव व भविष्य विश्वकर्मा पर स्कूल के ही साथी छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में छायांक व भविष्य के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। छायांक ने स्कूल में अपना मोबाइल फोन गुम होने पर साथी छात्र से पूछताछ की थी, जिसपर छात्र ने छायांक को शारदा चौक गढ़ा बुलाया, छायांक अपने साथी भविष्य के साथ पहुंचा तो दोनों के साथ मारपीट कर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे दोनों छात्रों के शरीर पर गंभीरचोटें आई। हमले में घायल छायांक व भविष्य ने गढ़ा थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार आसरा अपार्टमेंट प्रेम नगर गढ़ा निवासी छायांक यादव नचिकेता हायर सेकेंडरी स्कूल नेपियर टाउन कक्षा 10वी में अध्ययनरत है। आज छायांक का स्कूल में मोबाइल फोन गुम हो गया। जिसपर छायांक ने संदेह होने पर साथी छात्र से पूछताछ करते हुए कहा कि यदि मोबाइल फोन लिया है तो दे दे। छात्र के मना करने पर छायांक छुट्टी होने पर स्कूल में ही मोबाइल फोन तलाश करता रहा, न मिलने पर घर चल गया। इसके बाद फिर छायांक ने छात्र को फोन किया तो उसने पहले रानीताल बुलाया, छायांक अपने दोस्त भविष्य विश्वकर्मा के साथ रानीताल पहुंचा तो उसने शारदा चौक गढ़ा बुला लिया। छायांक व उसका दोस्त भविष्य दोपहर तीन बजे के लगभग शारदा चौक के आगे गुप्ता इन होटल के पास पहुचा, तभी छात्र अपने साथी को लेकर मोटर साइकल से पहुंचा और छायांक यादव व भविष्य विश्वकर्मा के साथ मारपीट शुरु कर दी। विरोध करने पर छात्र के साथी ने भविष्य विश्वकर्मा पर चाकुओं से दनादन वार किए, जिससे उसके बाए जांघ में गंभीर चोटें आई। दिनदहाड़े सरेराह हमला व मारपीट किए जाने से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होने घायलों की मदद करते हुए थाना पहुंचाया। जहां पर पुलिस ने घायल छायांक व भविष्य को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाकर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।