बताया गया कि बिजली के खंभे से आ रही सर्विस लाइन की केबल अचानक टूटकर मोहनपुर निवासी 50 वर्षीय संतोष रानी के घर के लोहे के गेट पर गिर गई। जिससे पूरे गेट में तेज करंट फैल गया। इस दौरान संतोष रानी किसी काम से बाहर आई और जैसे ही गेट को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आकर गेट से चिपक गईं। संतोष रानी की चीखपुकार सुनकर बेटा परदेसी, बहू रोशनी सहित परिवार के लोग दौड़कर पहुंच गए, जिन्होने संतोष रानी को बचाने की कोशिश की तो वे भी करंट की चपेट में आ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए, जिन्होने सूझबूझ दिखाते हुए बिजली के तार को लकड़ी की मदद से गेट से अलग किया। इसके बाद सभी को नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां पर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में बेटे परदेसी बसंल की हालत को देखते हुए डाक्टरों ने भरती कर लिया, वहीं अन्य को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत व्याप्त रही, मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने उक्त तार को हटाया।