जबलपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जालसाज किसी न किसी तरह से लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। गौरीघाट में दो मामले ऐसे आए हैं, जिनमें से एक में ई-चालान का लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल से धड़ाधड़ पैसे कट गए। उधर, दूसरे मामले में नौकरी का झांसा देकर लिंक पर टास्क दिए और खाते से पैसे उड़ा दिए गए।
ग्वारीघाट पुलिस ने बताया कि पुरानी पीपी कालोनी निव0ासी आशीष गोल्हानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जुलाई को उसके व्हाटसएप् नम्बर पर अज्ञात नम्बर से ई-चालान का पीडीएफ फाईल आई, जिसे उसने क्लिक कर ओपन किया तो उसके मोबाइल पर एक एप्लीकेशन इंस्टाल हो गया। उसने एप्लीकेशन खोला, जिसमें कुछ जानकारी मागी। लेकिन उसने कोई जानकारी नहीं भरी। एप्लीकेशन से बाहर आ गया, फिर लगभग 10 मिनिट बाद उसके मोबाइल पर अपने आप ओटीपी आने लगी। उसने ओटीपी को किसी से भी शेयर नहीं किया। फिर भी 10 मिनिट बाद उसके मोबाइल में बैंक खाते से 4 बार में कुल 1 लाख रूपये डेबिट होने के मैसेज आये। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल हैक करके छलपूर्वक धोखाधड़ी कर उसके खाते से 1 लाख रूपये निकाल लिये।
इसी तरह पुरानी बस्ती निवासी सुमित पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जुलाई को उसके मोबाइल के व्हाटसएप में किसी अज्ञात व्यक्ति का मिंट्री कम्पनी में जॉब लगवाने के लिये मैसेज व कॉल आया, जो टेलीग्राम पर बात करने कहा। उसने अपने टेलीग्राम अकाउण्ट से अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाटसएप में दिये गये लिंक को ओपन किया। टेलीग्राम में बात होने लगी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे टेलीग्राम पर कुछ टिप्स दिये, जिन्हें उसने पूरा किया अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके अकाउण्ट में 160 व 120 रूपये ट्रांसफर किये। इसी तरह टिप्स मिलते रहे और वह टिप्स पूरा किया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे धोखे में रखकर उससे 5 हजार 600 रूपये, 20 हजार रूपये छलपूर्वक यूपीआई के माध्यम से रूपये ट्रांसफर करा लिए। रूपये वापस मांगने पर मना कर दिया। इस तरह अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके साथ धोखाधड़ी कर कुल 25 हजार 600 रूपये ट्रांसफर करा लिये।
