जबलपुर। शहर में जहां-तहां खड़े होकर पुलिस की चैकिंग आम है। कुछ ऐसे स्थानों पर बिना किसी योजना के चेकिंग लोगों के लिए दुर्घटना का सबब बन सकती है। कछपुरा ओवरब्रिज और रेलवे क्रॉसिंग के बीच होने वाली चैकिंग नासूर बन गई है। मौजूदा हालात में इस जगह का वीडियो जारी हुआ है, जिसमें रेलवे क्रॉसिंग का बूम खुलने के बाद भी जाम में लोग फंसे रहे। घंटों लगे जाम में लोग बमुश्किल बाहर निकल सके।
कछपुरा ओवरब्रिज से लिंक रोड पर यादव कॉलोनी पुलिस चौकी है। चौकी के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की चैकिंग लगाई जा रही है। इस चैकिंग में वाहनों का जमघट सड़क पर लग रहा है। इससे हो यह रहा है कि इस जगह से ही ओवरब्रिज जाने और रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने का रास्ता है। इस रास्ते पर वाहनों के अवरोध से अन्य वाहन फंस रहे हैं। दो घंटे तक चलने वाली पुलिस की इस चैकिंग से वाहन चालकों को गढ़ा की ओर जाने का कोई विकल्प नहीं रहता है, जिससे लोग मजबूरी में इस जगह से अपना वाहन निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि यहां चैकिंग रोजाना की जा रही है। शाम 7-8 बजे के बाद चैकिंग के दौरान यहां से निकलने की जगह नहीं बच रही है। इससे ओवरब्रिज और रेलवे क्रॉसिंग की ओर आने-जाने वाले जाम में फंस रहे हैं।