khabar abhi tak

सतना रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की आशंका पर रोकी ट्रेन, आरपीएफ-जीआरपी ने बच्चों से की पूछताछ

सतना. बुधवार की सुबह मानव तस्करी की आशंका के चलते सतना रेलवे स्टेशन पर दरभंगा से अहमदाबाद जा रही ट्रेन में सुरक्षा एजेंसियों ने सघन जांच अभियान चलाया। जीआरपी कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही तलाशी शुरू कर दी। करीब 10 मिनट तक ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रोककर कई बोगियों की बारीकी से जांच की गई।

कंट्रोल रूम से मानव तस्करी की आशंका संबंधी सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम सतना रेलवे स्टेशन पर अलर्ट हो गई। ट्रेन के पहुंचते ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर 4 से 5 कोचों की गहन तलाशी ली गई और यात्रियों से पूछताछ की गई।

नाबालिग बच्चों से की गई पूछताछ

जांच के दौरान पुलिस को ट्रेन में कुछ नाबालिग बच्चे मिले। इनमें कुछ बच्चे अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रहे थे, जबकि कुछ अकेले सफर कर रहे थे। पुलिस ने सभी बच्चों और उनके साथ मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही उनके परिजनों के मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया गया और यात्रा से जुड़ी जानकारी का सत्यापन किया गया।

मदरसे में पढ़ाई के लिए लौट रहे थे बच्चे

जांच में सामने आया कि सभी बच्चे छुट्टियां बिताने के बाद अहमदाबाद स्थित एक मदरसे में पढ़ाई के लिए वापस लौट रहे थे। दस्तावेजों की जांच और पहचान की पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा नहीं है।

जांच पूरी होने के बाद रवाना हुई ट्रेन

सभी दस्तावेज और यात्रियों की जानकारी सही पाए जाने के बाद ट्रेन को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मानव तस्करी से जुड़े तथ्य सामने नहीं आए।

वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट

जीआरपी थाना प्रभारी राजेश राज ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई थी। सभी बच्चों और उनके साथ यात्रा कर रहे लोगों की पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद इसकी विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak