जबलपुर. जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुनहरु (मोहसाम) में युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। शनिवार देर रात पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसका शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सागर कोल (23) पिता फूलचंद्र कोल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सागर शनिवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि उसे गांव के तालाब की ओर जाते देखा गया था।
शौच के दौरान पैर फिसलने की आशंका
सूचना पर सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ तालाब में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 9:30 बजे सागर का शव तालाब से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शौच के लिए तालाब जाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
