जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। क्राइम ब्रांच, थाना अधारताल, पनागर और रांझी की संयुक्त टीमों ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 49 चाइना चाकू जब्त किए हैं।
कार्रवाई की शुरुआत 19 जुलाई की देर रात करीब 2 बजे हुई, जब क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। एसबीआई बैंक के पास अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल (22) निवासी वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर, अधारताल को संदिग्ध अवस्था में प्लास्टिक का थैला लिए खड़ा देखा गया। तलाशी लेने पर उसके थैले से 38 चाइना चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से अजमेर के एक व्यक्ति से संपर्क किया था। वह अजमेर रेलवे स्टेशन जाकर 60 चाकू खरीदकर लाया था, जिनमें से कुछ उसने अपने परिचितों को दिए थे। आरोपी 200 रुपए में चाकू खरीदकर लगभग 1000 रुपए में बेचता था। यह भी सामने आया है कि अभिषेक पटेल पहले भी अवैध हथियारों की तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
अधारताल थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पचमठा रोड से अभिषेक कोल (22) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 6 चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी तरह पेट्रोल पंप के पीछे से आकाश उर्फ काला (21) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 2 चाकू के साथ पकड़ा गया।
आरोपियों के परिचितों पर भी कार्रवाई की गई। 18 जुलाई को रांझी थाना अंतर्गत सरस्वती स्कूल के पीछे से साहिल केवट (19) को 1 चाइना चाकू के साथ पकड़ा गया। जूनियर क्लब के सामने वीएफजे में दबिश देकर गगन रैकवार (25) निवासी मस्जिद के पीछे मड़ई, रांझी को भी 1 चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
पनागर थाना क्षेत्र में फूटाताल रोड स्थित सरकारी कॉलेज के पास से मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन (18) निवासी मौलाना वार्ड को 1 चाइना चाकू के साथ पकड़ा गया। इन सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
