khabar abhi tak

दमोह में बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक गंभीर हालत में जबलपुर रेफर, बस जब्त, चालक फरार

दमोह. एमपी के दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत न्यू दमोह कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे यात्री बस ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घायल युवक की पहचान न्यू दमोह निवासी कृष्णा अहिरवार (21) पिता सेवक राम अहिरवार के रूप में हुई है। घायल के पिता ने बताया कि उनका बेटा स्कूटी पर सड़क किनारे बैठा था, तभी कटनी से आ रही यात्री बस के चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

बस चालक बस लेकर मौके से फरार

घटना के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ आगे जाकर बस सड़क किनारे फंस गई। सेवक राम ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से अपने बेटे को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल का इलाज करने वाले ड्यूटी डॉक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि युवक की पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंची थीं। सड़क किनारे फंसी बस को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है और जबलपुर रेफर हुए घायल के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak