जबलपुर। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। रेलवे में डिप्टी सीटीआई पद पर तैनात वीर सिंह बुंदेला पर अपनी पत्नी आरती रजक को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरती और वीर सिंह की शादी 1 दिसंबर 2016 को हुई थी, पर उनके कोई संतान नहीं है। 5 वर्ष तक कटनी में रहने के बाद हाल ही में पति का ट्रांसफर जबलपुर हुआ था। महिला का आरोप है कि पति दहेज के लिए विवाद करते थे और जेठानी से उनके अवैध संबंध हैं। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी को जबरन नींद की गोलियां खिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के विरोध करने पर पति ने दी प्रताड़ना
आरती रजक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पति वीर सिंह उनके साथ दहेज को लेकर लगातार विवाद करते थे। जब उन्होंने पति और जेठानी के बीच अवैध संबंधों का विरोध किया, तो वीर सिंह ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना वाले दिन वीर सिंह किसी अन्य महिला से फोन पर बात कर रहे थे। आरती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरती ने अपने गले में दर्द होने की बात कही, तो गुस्से में आकर पति ने उन्हें जबरन नींद की गोलियां खिला दीं। आरती ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें पहले रेलवे अस्पताल और फिर गंभीर हालत में ओमेगा अस्पताल में भर्ती कराया।
