जबलपुर/सागर। सागर की एक युवती को सरकारी नौकरी का झांसा देकर कृष्णा नामक युवक ने जबलपुर की होटल में शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवक ने युवती को शादी करने का भी झांसा दिया था। जब नौकरी की बात की तो युवक द्वारा धमकी दी जाने लगी। जिसपर आज युवती ने सागर के मोतीनगर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार मोतीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने बताया कि वह एक स्कूल में पढ़ाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात कृष्णा नाम के युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। बाद में उसने अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का वादा किया। पीडि़ता ने बताया कि 4 मई को आरोपी उसे रानगिर माता मंदिर ले गया। वहां उसने उसकी मांग में सिंदूर भरा और फिर अपने साथ जबलपुर ले गया। दोनों एक होटल में छह दिन रुके। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वृंदावन भी ले गया था-
पीडि़ता ने पुलिस को पूछताछ में यह भी बताया कि आरोपी जबलपुर के बाद वृंदावन भी ले गया, जहां भी उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। वहां से लौटने के बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया। पीडि़ता का आरोप है कि वह शादी का वादा करता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी टालने लगा।
आरोपी के चंगुल से निकलकर घर पहुंची पीडि़ता
संदेह होने पर पीडि़ता आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।