जबलपुर. शहर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के उजारपुरवा गली नंबर-2 में रविवार देर रात लेकर दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिशन पर जमकर हिंसक विवाद हो गया। पहले एक युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद दूसरे पक्ष के 10 से 12 युवक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया।
आरोपियों ने जमकर पथराव किया व तलवारें लहराकर क्षेत्र में दहशत फैलाई तथा घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों में तोडफ़ोड़ कर दी। विरोध करने पर रिंकू यादव घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोगों का आरोप है कि सौरभ रैकवार, सत्यम रैकवार सहित कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में आए दिन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। विरोध करने पर विवाद और मारपीट करते हैं। उनका कहना है कि बीती रात करीब 2 बजे 10 से 12 युवक हथियारों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
