अनूपपुर. मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सांप ने काट लिया। अस्पताल ले जाते वक्त 6 साल की बेटी ने दम तोड़ दिया जबकि माता-पिता भर्ती हैं। घटना भेड़वाटोला गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। भानु प्रताप सिंह पत्नी रेखा सिंह और बेटी माधवी सिंह के साथ बिस्तर पर सो रहे थे।
इसी दौरान रात करीब ढाई बजे भानु प्रताप को अपने पैर की उंगलियों में किसी जीव के काटने का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत उठकर देखा तो बिस्तर पर करैत सांप रेंग रहा था। भानु प्रताप ने तुरंत पत्नी और बच्चों को जगाया। परिवार के दूसरे लोगों को जानकारी दी। उनके भाइयों ने तुरंत गाड़ी की व्यवस्था की और पूरे परिवार को इलाज के लिए कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए लेकर रवाना हुए।
माता-पिता की हालत गंभीर, एंटी स्नेक वेनम लगाया
अस्पताल के रास्ते में करीब साढ़े 3 बजे माधवी को उल्टी हुई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने भानु प्रताप और रेखा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एंटी स्नेक वेनम लगाया है।
जांच के बाद चला पत्नी को भी सांप ने काटा
माधवी के ताऊ अरुण सिंह ने कहा- हम केवल भानु प्रताप को ही सर्पदंश का शिकार समझ रहे थे। बच्ची को उल्टी होने और उसकी मौत के बाद अहसास हुआ कि सांप ने उसे भी काटा था। अस्पताल पहुंचकर भानु के साथ रेखा और बेटे का मेडिकल चेकअप कराया। इसमें रेखा को भी काटे जाने की पुष्टि हो गई। फिलहाल, पुलिस ने बच्ची के शव को मॉर्चुरी में रखवाया है क्योंकि परिवार के बाकी सदस्य अस्पताल में भर्ती पीडि़तों की देखरेख में जुटे हैं।
