khabar abhi tak

जबलपुर पहुंची 8 नई इलेक्ट्रिक बसें, जल्दी दौड़ाने की तैयारी

 


जबलपुर। शहर की सड़कों पर जल्द ही आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का सफर शुरू होने जा रहा है जिससे आम जनता को सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत मिलने वाली कुल 100 बसों में से 8 बसें जबलपुर पहुंच चुकी हैं और पिछले तीन-चार दिनों से लगातार एक से अधिक बसें शहर आ रही हैं। इस महीने के अंत तक कुल 20 इलेक्ट्रिक बसें शहर में आ जाएंगी जिन्हें 15 अगस्त को हरी झंडी दिखाकर शहर की सड़कों पर दौड़ाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। पहले चरण में आने वाली इन बसों को रेलवे स्टेशन से भेड़ाघाट, रेलवे स्टेशन से गौरीघाट, रेलवे स्टेशन से पनागर और आईएसबीटी से रांझी सहित अन्य दो-तीन प्रमुख मार्गों पर चलवाया जाएगा। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत जबलपुर को तीन चरणों में 100 बसें प्राप्त होनी थीं और पहले चरण में 40, दूसरे चरण में 35 तथा तीसरे चरण में 25 बसें आनी थीं लेकिन पहले चरण में कटौती कर 40 की जगह सिर्फ 20 बसें भेजी जा रही हैं जिससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि जितनी बसों का कोटा निर्धारित किया गया है, उतनी बसें तीन चरणों में नहीं आ पाएंगी।

​इस महीने के अंत तक बढ़ जाएगी संख्या

​जिम्मेदारों की मानें तो ऑपरेटर कंपनी का यह दावा है कि जबलपुर के कोटे की 100 बसें नवंबर से दिसंबर के बीच उपलब्ध करा दी जाएंगी लेकिन यह तभी संभव हो पाएगा जब हर माह 20 बसें उपलब्ध कराई जाएं और यदि ऐसा होता है तो साल के अंत तक शहर के हर रूट पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगेंगी। बता दें कि नगर निगम ने इन बसों को चार्ज करने के लिए कछौंदा में चार्जिंग स्टेशन भी पूरी तरह से तैयार कर लिया है ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी असुविधा का सामना न करना पड़े और संचालन सुचारू रूप से चलता रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak