जबलपुर. जिले के पनागर थानान्तर्गत मझगवां गांव में जमीनी विवाद पर दो पक्ष आमने-सामने आ गये और विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें 4 लोग घायल हुए हैं. मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने थाना पहुंचकर अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराई है.सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, ज्ञान सिंह ठाकुर और देव प्रकाश दुबे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई। संघर्ष में दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। ज्ञान सिंह ठाकुर निवासी मझगवां कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं देव प्रकाश दुबे की शिकायत पर भी पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट का प्रकरण कायम किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
