जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिले में शादी के महज तीन दिन बाद दुल्हन के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नवविवाहिता करीब तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर पहनकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परेशान पति ने गोसलपुर और बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों थानों के समन्वय से उसकी तलाश कर रही है।
रजामंदी से हुई थी शादी
गोसलपुर निवासी गौतम यादव मजदूरी करते हैं। उसने बताया कि परिवार की सहमति से उनकी शादी बरेला क्षेत्र निवासी चौहानी यादव से तय हुई थी। 21 जून को बारात बरेला गई और 22 जून को दुल्हन की विदाई के बाद वह अपने ससुराल से घर आ गई। गौतम के मुताबिक शादी के अगले दिन पत्नी ने अपनी मौसी की शादी में जाने की बात कही, जिस पर वह उसे लेकर बुढ़ागर पहुंचे। इसके बाद उसने बंजारी माता मंदिर में पूजा करने चलने की इच्छा जताई।
स्टूडियो के बहाने गई, फिर नहीं लौटी
गौतम यादव का आरोप है कि बाजार पहुंचने पर पत्नी ने कहा कि पहले स्टूडियो से शादी की तस्वीरें ले लेते हैं। स्टूडियो पहुंचने के बाद उसने यह कहकर पति को वहीं बैठने के लिए कहा कि वह पास के ब्यूटी पार्लर से 10 मिनट में लौट आएगी। करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो गौतम ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन करने के साथ ही ससुराल पक्ष से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
तीन लाख के जेवर पहनकर निकली थी
गौतम का कहना है कि शादी में उनकी पत्नी को करीब तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर दिए गए थे। इनमें पायल, बिछिया, करधनी, मंगलसूत्र, कंगन और अन्य आभूषण शामिल थे। आरोप है कि वह सभी जेवर पहनकर घर से निकली थी और अब तक वापस नहीं लौटी। गौतम ने बताया कि उनकी बुआ बुढ़ागर में रहती हैं। उनके माध्यम से दोनों परिवारों का संपर्क हुआ था। करीब दो माह पहले दोनों परिवार मिले, लड़का-लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया और परिवारों की सहमति से जून में विवाह संपन्न हुआ।
पुलिस कर रही तलाश
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि गौतम यादव की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के अनुसार, 21 जून को उनकी शादी हुई थी और 24 जून से उनकी पत्नी लापता है। मामले में गुमशुदगी दर्ज कर गोसलपुर थाना पुलिस के साथ समन्वय बनाकर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
