khabar abhi tak

सूदखोरी के आरोप में महिला रेलवे कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार, कारोबारी ने की थी आत्महत्या

शहडोल. एमपी के शहडोल शहर में कारोबारी नितिन गुप्ता (38) की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने रविवार को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक महिला रेलवे कर्मचारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मृतक के पास मिले डेढ़ पेज के सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई है।

पुलिस के अनुसार, कारोबारी ने 15 जून को अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट में मृतक ने आर्थिक तंगी, बढ़ते कर्ज और मानसिक प्रताडऩा का उल्लेख किया था।

कारोबारी ने एक लाख रुपए उधार लिए थे

कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि कारोबारी ने आरोपियों से लगभग एक लाख रुपए उधार लिए थे। समय के साथ ब्याज और मूलधन का दबाव लगातार बढ़ता गया, जिससे वह गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए। आरोप है कि इसी दौरान उनकी जमीन की रजिस्ट्री सरिता यादव के नाम कर दी गई और उनका मकान भी लगभग 13 लाख रुपए में बेच दिया गया। इसके बावजूद उन पर पैसों के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे।

आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की पुष्टि होने पर नितिन चौरसिया, राकेश यादव उर्फ बब्लू और रेलवे कर्मचारी सरिता यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले की विवेचना अभी भी जारी है। आर्थिक लेन-देन, संपत्ति हस्तांतरण और अन्य संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak