khabar abhi tak

आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, 5 से ज्यादा घायल, खेतों में रोपाई के दौरान हादसा

शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक 11 साल का बच्चा भी शामिल है। ये सभी घटनाएं तेज बारिश के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर हुईं। पुलिस ने मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना झींक बिजुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम झींक में सामने आई। यहां धान की रोपाई कर रहे लोगों पर बिजली गिरी, जिससे किशन (28) पत्नी राकेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले झींक बिजुरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर नहीं मिलने पर जिला अस्पताल शहडोल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर है।

घायल दो लोगों का इलाज जारी

दूसरी घटना दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में हुई। खेत में रोपाई कर रहे किसान सुंदर (45) पाव पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए, जिनका इलाज चल रहा है। इसी दरशिला चौकी क्षेत्र के रेकोवा गांव में भी खेत में काम कर रहे दो लोग बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

11 साल के बच्चे की मौके पर मौत

तीसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में दर्ज की गई। तेज बारिश के दौरान घर के बाहर खड़े 11 साल का लड़का धर्मेंद्र सिंह (पिता प्रेमलाल सिंह) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में उनकी भाभी भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है। इन घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तीनों मृतकों के मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak