सागर. मध्य प्रदेश के सागर के बहेरिया थाना परिसर के सामने एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि, बाइक सवार युवक उछलकर थाने की रैलिंग तोड़ते हुए थाना परिसर में जा गिरे और दोनों युवकों की मौत हो गई. इन बाइक सवारों के साथ एक युवती भी थी, जिसे गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने कार को जब्त कर कार चालकों को हिरासत में ले लिया है.
सागर-जबलपुर मार्ग पर बहेरिया थाना के सामने शनिवार की देर शाम करीब ऐसा हादसा सामने आया है, जिसमें कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार 2 युवक और युवतियां उछलकर थाने की रैलिंग तोड़ते हुए थाना परिसर में जा गिरे. बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.
कार सवारों को पुलिस ने हिरासत में लिया
इस घटना में कार सवार दोनों युवकों को मामूली चोटें आई हैं. प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान रामचरण अहिरवार (28 वर्ष) निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार (23 वर्ष) निवासी बराज के रूप में हुई है. वहीं घायल युवती की पहचान खुशबू अहिरवार (20 वर्ष) निवासी बम्होरी बीका के रूप में हुई है. बहेरिया पुलिस ने कार चालक अमित यादव और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है.
