khabar abhi tak

मीशो के नाम पर जालसाजों का खेल, खाते से निकले 25 हजार



जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर जालसाजों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया है। जोन्स गंज राम मनोहर लोहिया वार्ड निवासी रामसेवक चौरसिया ने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने 3 जुलाई 2026 को मीशो एप से खरीदी शर्ट के रिफंड के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अधिकारी बताकर बातों में फंसाया और व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर क्लिक करवाया। क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल बंद हो गया। कुछ देर बाद मोबाइल चालू होने पर उन्हें खाते से 25 हजार रुपये कटने का पता चला। पुलिस ने धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ऑनलाइन कस्टमर केयर का झांसा पड़ा भारी

​मीशो एप से खरीदी शर्ट का ऑर्डर कैंसिल होने के बाद रामसेवक चौरसिया ने गूगल से कस्टमर केयर नंबर निकाला था। धोखेबाज ने बड़ी चालाकी से पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल किया और रिफंड दिलाने के नाम पर रिमोट एक्सेस जैसी प्रक्रिया अपनाई। जैसे ही पीड़ित ने बताए अनुसार मोबाइल पर लिंक क्लिक किया, फोन की स्क्रीन काली हो गई। करीब 1 घंटे तक फोन बंद रहा, जिसके दौरान हैकर्स ने एचडीएफसी बैंक खाते का एक्सेस प्राप्त कर लिया। गूगल पे के माध्यम से 2 बार में कुल 25 हजार रुपये उड़ा दिए गए। जब मोबाइल दोबारा चालू हुआ, तब पीड़ित को बैंक से आए मैसेज से धोखाधड़ी की जानकारी मिली।

​अनजान लिंक पर क्लिक करना बना मुसीबत

​साइबर अपराधी अब गूगल सर्च में फर्जी नंबर डालकर आम लोगों को फंसा रहे हैं। थाना ओमती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और कस्टमर केयर के नाम पर अपनी बैंक जानकारी किसी को न दें। मामले की विवेचना जारी है और साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak