सीहोर. मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में बुधवार को डंपर मौत बनकर सड़कों पर दौड़ा. चपेट में आने से 4 साल की मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों घायलों को इलाज के लिए नर्मदापुरम भेजा गया. डंपर बच्ची को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया. बच्ची की डेडबॉडी की हालत देख मौके पर जमा लोगों की आह निकल गई.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. हादसे का शिकार हुआ परिवार रेहटी क्षेत्र के जाजना गांव का निवासी है. मृतक बच्ची की पहचान तनीश कीर (4 वर्ष) के रूप में हुई है. हादसे में मनीष कीर (45) पिता कूबर सिंह, निवासी जाजना तथा प्राची कीर (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं.
सड़क किनारे जा रहे लोगों में अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर तेज गति से आ रहा था. चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे सड़क किनारे जा रहे लोग उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय नागरिकों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है. एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया दुर्घटना में मासूम बच्ची की मौत हो गई. पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.
