दमोह. एमपी के दमोह में गुरुवार की देर रात सड़क पर बैठे मवेशी से बाइक टकराने पर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे परिजनों को दोनों घायलों को बाइक से ही जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। प्राथमिक इलाज के बाद एक घायल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामला तेजगढ़ थाना क्षेत्र के भीलमपुर गांव के पास का है।
हादसा बंजारी माता मंदिर के पास हुआ। चौरई निवासी हाकम सिंह और नहरमऊ निवासी सुरेंद्र सिंह दमोह से अपने गांव लौट रहे थे। अंधेरे के कारण सड़क पर बैठी गाय दिखाई नहीं दी और बाइक उससे टकरा गई। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
बाइक से अस्पताल पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस और डायल-112 को सूचना दी गई, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने पर परिजन रवि प्रकाश लोधी अपने भाई के साथ दोनों घायलों को बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हाकम सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि सुरेंद्र सिंह का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
