khabar abhi tak

रेलवे ने कर्मचारियों को दी बड़ी सुविधा, शताब्दी एक्सप्रेस में अब 2 की जगह मिलेंगी 4 सीटें

जबलपुर. रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को रेलवे बोर्ड ने बड़ी राहत प्रदान की है. बोर्ड ने शताब्दी एक्सप्रेस श्रेणी की ट्रेनों के चेयर कार (सीसी) क्लास में यात्रा पात्रता (इंटेइटलमेंट) को संशोधित कर दिया है। अब इस श्रेणी में मिलने वाली सीटों की संख्या को राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस के थ्री-एसी क्लास के बराबर कर दिया गया है।

रेलवे बोर्ड द्वारा 30 जुलाई को जारी नए आदेश के तहत, पे मैट्रिक्स लेवल 11 से 17 के रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को सुविधा पास, पोस्ट रिटायरमेंट कॉम्प्लिमेंट्री पास और विधवा पास पर शताब्दी एक्सप्रेस के चेयर कार में अब दो के बजाय चार सीटें मिलेंगी।

पश्चिम मध्य रेलवे समेत सभी जोनल रेलवे के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को अब इसका लाभ मिलेगा। रेलवे बोर्ड को लगातार ऐसे ज्ञापन मिल रहे थे कि शताब्दी ट्रेनों के चेयर कार में सीटों की पात्रता को राजधानी/दुरंतो के थ्री-एसी के समान तार्किक बनाया जाए, क्योंकि ड्यूटी पास पर यह पात्रता पहले ही एक समान लागू थी। व्यावसायिक निदेशालय और रेलवे बोर्ड के सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया है।

रेलवे बोर्ड की उप निदेशक (कल्याण) रश्मि दहिया ने बताया कि सेंटर फार रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (क्रिस) को पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) और एचआरएमएस के ई-पास मॉड्यूल में तुरंत आवश्यक तकनीकी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्णय से रेलवे के कार्यरत अधिकारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रा के दौरान अधिक सीटें मिल सकेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak