khabar abhi tak

अमृत भारत स्टेशन : जबलपुर मंडल के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण

 
जबलपुर।
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल का प्रमुख रेलवे स्टेशन ब्यौहारी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर यात्रियों की सेवा के लिए पूर्णत: तैयार है। लगभग 20.58 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस स्टेशन का 17 जुलाई 2026 को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा। यह अवसर ब्यौहारी क्षेत्र, शहडोल जिले तथा जबलपुर मंडल के लिए गौरव का क्षण होगा।

कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर स्थित ब्यौहारी रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। यह स्टेशन न केवल स्थानीय यात्रियों की यात्रा आवश्यकताओं को पूरा करता है, बल्कि देश के प्रमुख कोयला परिवहन मार्ग पर स्थित होने के कारण परिचालन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन मेल–एक्सप्रेस एवं मेमू सेवाओं सहित विभिन्न नियमित ट्रेनों का संचालन होता है तथा प्रतिदिन लगभग 2,000 से अधिक यात्री इस स्टेशन का उपयोग करते हैं।

लोकार्पण समारोह के अंतर्गत 17 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे से स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिल्म प्रदर्शन, पुरस्कार वितरण तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत अपराह्न 3:45 बजे माननीय प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के अमृत भारत स्टेशनों के साथ ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखकर किया गया है। स्टेशन के सभी निर्धारित विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ संचालन के लिए तैयार है।

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने कहा कि पुनर्विकसित ब्यौहारी रेलवे स्टेशन आधुनिक भारतीय रेलवे की नई पहचान बनेगा। यह स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।

पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत स्टेशन भवन का आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप विकसित किया गया है। मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों का नवीनीकरण, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण के माध्यम से स्टेशन को नया स्वरूप प्रदान किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक साइनेज, डिजिटल ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म घडिय़ां स्थापित की गई हैं।

ब्यौहारी स्टेशन का अपर मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का गत दिवस 14 जुलाई 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, श्री शशांक गुप्ता सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, खानपान स्टॉल, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था तथा दिव्यांगजन सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-अनुकूल बनाना है। ब्यौहारी स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्रीय संस्कृति एवं आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। स्टेशन परिसर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है तथा यात्री सुविधाओं का विस्तार कर उन्हें अधिक सुविधाजनक बनाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak