khabar abhi tak

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी में पदोन्नति की बहार, 1,417 कार्मिकों को मिला प्रमोशन का तोहफा



जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के 1,417 नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहा। कंपनी ने मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 और सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत पदोन्नति आदेश जारी कर दिए हैं। इस प्रक्रिया में 71 प्रथम श्रेणी, 336 द्वितीय श्रेणी, 948 तृतीय श्रेणी और 62 चतुर्थ श्रेणी के कार्मिकों को लाभ मिला है। जबलपुर मुख्यालय से जारी इस आदेश के तहत तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों संवर्गों के कर्मियों को कवर किया गया है। कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, निदेशक तकनीकी सुबोध निगम, निदेशक वाणिज्य मिलिंद भांदक्कर और कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन दीपक कश्यप की निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी हुई। वर्षों से लंबित पदोन्नति मिलने से कंपनी के ताप और जल विद्युत गृहों में कार्यरत कर्मियों में उत्साह का माहौल है।

सेवा और योग्यता का मिला परिणाम

​कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों, वरिष्ठता और योग्यता का बारीकी से परीक्षण करने के बाद यह सूची तैयार की है। पदोन्नति के कारण खाली हुए पदों पर अब नई नियुक्तियों का रास्ता भी साफ हो गया है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। पिछले एक दशक में कंपनी ने उत्पादन में जबरदस्त वृद्धि की है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में बिजली उत्पादन 14.47 बिलियन यूनिट था, जो 2025-26 में बढ़कर 26.58 बिलियन यूनिट तक पहुँच गया है। इसी तरह 100 दिनों से अधिक चलने वाली इकाइयों की संख्या भी 2 से बढ़कर 13 हो गई है। यह उपलब्धि कार्मिकों के कठिन परिश्रम का परिणाम है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन से बदली कंपनी की कार्य संस्कृति

​प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि पदोन्नति कंपनी के प्रति निभाई गई जिम्मेदारियों का सम्मान है। कंपनी की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख पूरी तरह से कर्मचारियों की कर्मनिष्ठता पर टिकी है। अब पदोन्नत कार्मिकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें अपने अनुभव से नए आने वाले साथियों का मार्गदर्शन करना होगा। कंपनी ने प्रशासनिक पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है, जो भविष्य में उत्पादन क्षमता को और गति प्रदान करेगा। आने वाले समय में अनुभवी अधिकारियों का नेतृत्व और युवाओं की ऊर्जा मिलकर कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak