छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन लिफ्ट पर काम करते समय एक रेल कर्मचारी 12 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। सोमवार दोपहर करीब 12:20 बजे हुए इस हादसे में कर्मचारी के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खारी वार्ड निवासी रेल कर्मचारी रामकिशोर पठाडे निर्माणाधीन लिफ्ट पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे करीब 12 फीट नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में चल रहा उपचार
साथी कर्मचारियों ने घायल रामकिशोर को तुरंत पांढुर्णा जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
घायल कर्मचारी ने बताया कि वह नियमित ड्यूटी के तहत लिफ्ट निर्माण कार्य कर रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से हादसा हो गया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजाम और मजबूत करने की मांग की है। वहीं, रेलवे विभाग भी हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है।
