
फाइल फोटो
जबलपुर। खमरिया में एक कार कीचड़ में न फंसती तो गांजा सप्लाई का खेल नहीं सामने आता। दरअसल, खमरिया थाने की टीम वाहन चैकिंग में लगाई गई थी, जहां चैकिंग देखते ही शहर की ओर आ रही एक कार पहले की गाड़ी को मोड़कर भागने की तैयारी कर रहा था लेकिन कार का पहिया कीचड़ में धंस गया और कार फंस गई थी। यह देखकर पुलिस कार की ओर दौड़ी। पुलिस को देखकर आरोपी चालक कार छोड़कर जंगली रास्ते से भाग गया। पुलिस ने छानबीन की तो बोरियों में भरा गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि गुरूवार देर रात अमझर घाटी में वाहन चैकिंग के दौरान एक कार का चालक कुछ दूरी से ही कार को मोड़ने लगा। संदेह होने पर कार को रोकने के लिये कार के पीछे दौड़े। कार कीचड़ में फंस जाने से कार का चालक कार को चालू हालत में छोड़कर भाग गया। अल्टो कार क्रमांक सीजी 04 एचबी 6745 की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में नीले सफेद रंग के थेलै व 02 प्लास्टिक की बोरी में कुल 10 पैकेट रखे मिले। सभी पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा था। पुलिस ने 10 पैकेटों की तौल कराई, जिस पर कुल 20 किलो 433 ग्राम वजन सामने आया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 21 हजार 650 रूपए बताया गया है।