khabar abhi tak

WCR में डिजिटल तकनीक आधारित परियोजना प्रबंधन सूचना प्रणाली PMIS पोर्टल का महाप्रबंधक ने किया शुभारंभ

जबलपुर। रेल परियोजनाओं के प्रभावी प्रबंधन, निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने भारतीय रेल की पहली पूर्ण रूप से विकसित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (PMIS) पोर्टल का शुभारंभ किया। परियोजना प्रबंधन एवं निर्माण निगरानी प्रणाली “Intelligent Management of Projects Activities & Construction Tracking (IMPACT)” नामक इस अत्याधुनिक डिजिटल प्रणाली का शुभारंभ सोमवार 01 जून 2026 को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह द्वारा अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम. एस. हाशमी सहित अन्य प्रमुख विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधकों, मुख्य अभियंताओं एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक आधारित यह पहल रेलवे परियोजनाओं के प्रबंधन एवं निगरानी को नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि IMPACT प्रणाली परियोजनाओं की वास्तविक समय में निगरानी, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

IMPACT एक अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे बड़े स्तर की अधोसरंचना परियोजनाओं की निगरानी, क्रियान्वयन प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं निर्णय प्रक्रिया को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह प्रणाली उन्नत रिपोर्ट्स, डेटा एनालिटिक्स एवं इंटरैक्टिव डैशबोर्ड्स के माध्यम से परियोजनाओं की वास्तविक समय (Real-Time) प्रगति की निगरानी सक्षम बनाती है।

 IMPACT में केंद्रीकृत डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन के लिए व्यापक Document Management System (DMS) तथा गुणवत्ता निरीक्षण एवं साइट मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल रूप से सक्षम Request for Inspection (RFI) मॉड्यूल भी सम्मिलित किया गया है। यह प्रणाली परियोजना क्रियान्वयन के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि का विस्तृत ऑडिट ट्रेल एवं दस्तावेजीकरण सुरक्षित रखती है, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही, ट्रैसेबिलिटी तथा मानकीकृत मॉनिटरिंग सुनिश्चित होती है। यह प्लेटफॉर्म सभी हितधारकों के लिए “Single Source of Truth” के रूप में कार्य करेगा।

 PMIS के प्रारंभिक चरण में पश्चिम मध्य रेलवे की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को IMPACT प्लेटफॉर्म पर सम्मिलित किया गया है। आगामी चरणों में पश्चिम मध्य रेलवे की सभी निर्माण परियोजनाओं की निगरानी इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जाएगी, जिससे एकीकृत, पारदर्शी एवं डेटा-आधारित परियोजना शासन को बढ़ावा मिलेगा।

 PMIS पोर्टल पश्चिम मध्य रेल की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की निगरानी एवं प्रबंधन के लिए एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा तथा रेलवे अधोसरंचना विकास कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak