टोल टैक्स वसूली को लेकर बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखकर शिकायत की है। जिसमें उन्होने कहा कि 400 करोड़ रुपए की लागत से बना पुल उपयोग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया है और यातायात वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों अधिक खर्च हो रहे हैं। मेहरा ने मांग की है कि स्थिति सामान्य होने तक लिजाहा टोल प्लाजा को बंद किया जाए और वाहन चालकों को राहत दी जाए।
कार चालकों से 85 की जगह 90 रुपए वसूले जा रहे-
उनका कहना है कि कार के लिए एक तरफ का टोल शुल्क 85 रुपए निर्धारित है, जबकि वाहन चालकों से 90 रुपए लिए जा रहे हैं। मेहरा के अनुसार, बहोरीपार टोल प्लाजा से प्रतिदिन एक हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में प्रत्येक वाहन से 5 रुपए अतिरिक्त वसूलकर न केवल वाहन मालिकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, बल्कि अवैध वसूली भी की जा रही है।