khabar abhi tak

एयरफोर्स अधिकारी के घर फायरिंग करने वाले दो आरोपी मुम्बई से गिरफ्तार, एमपी पुलिस को दी थी चुनौती, अगली गोली तुम पर चलेगी

 

सतना। एयरफोर्स अफसर के घर पर दिनदहाड़े फायरिंग करने और सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश पुलिस को खुली चुनौती देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई की कफ परेड पुलिस ने आरोपी अमर सिंह परिहार व अभिज्ञान त्रिपाठी को दक्षिण मुंबई के काला घोड़ा इलाके से दबोचा। दोनों आरोपी फायरिंग की वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे थे।

                                      बताया गया है कि सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग इलाके में बदमाशों ने एयरफोर्स ऑफिसर रामदास सिंह के घर पर हमला किया था। आरोपियों का निशाना उनके बेटे हर्ष प्रताप सिंह  उम्र 22 वर्ष थे। पुलिस के मुताबिक बदमाश हत्या की नीयत से पहुंचे थे और उन्होंने घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सोशल मीडिया पर पुलिस को दी थी खुली चुनौती-

फायरिंग की वारदात के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर मध्य प्रदेश पुलिस को खुली चुनौती दी थी। वीडियो में आरोपियों ने पुलिस को धमकाते हुए कहा था कि अगली गोली तुम पर चलेगी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया था। पुलिस की प्रतिष्ठा भी दांव पर लग गई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी चुनौती बन गई थी।

मोबाइल बंद कर प्रदेश से बाहर भागे-

वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर प्रदेश से बाहर निकल गए थे। उनका उद्देश्य पुलिस को गुमराह करना और गिरफ्तारी से बचना था। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे ताकि सतना पुलिस उनकी लोकेशन तक न पहुंच सके। हालांकि पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। 

कार से मुम्बई पहुंचे-

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण तकनीकी इनपुट मिले। पता चला कि आरोपी अपनी स्लेटी रंग की नेक्सॉन कार से मुंबई भाग गए हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान, एमआरए मार्ग या कफ परेड थाना क्षेत्र के आसपास कहीं छिपे हो सकते हैं। इसके बाद सतना पुलिस ने तत्काल मुंबई पुलिस से संपर्क साधा और आरोपियों की तलाश के लिए संयुक्त प्रयास शुरू किए गए।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak