मंदसौर। एमपी के मंदसौर जिला मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट शाखा में 99 लाख 90 हजार रुपये गायब मिले। इस मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस से की है। यह मामला मई माह में सामने आया था। मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज शर्मा और उपप्रबंधक उत्कर्ष घावरी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। बैंक प्रबंधन ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार करेंसी चेस्ट के तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज शर्मा ने मई में रुपये गायब मिलने की रिपोर्ट सर्किल हेड को भेजी थी। इसके आधार पर भोपाल के डिप्टी जोनल हेड ने जांच के लिए आलोक कातरे, राजीव रंजन कुमार को भेजा था।
जांच और भौतिक सत्यापन के बाद निष्कर्ष निकला कि चेस्ट में कुल रुपये 4.05 करोड़ रुपये होना चाहिए था, लेकिन वहां 3.05 करोड़ रुपये ही निकले। ये रुपये तत्कालीन शाखा प्रबंधक करेंसी चेस्ट अनुज शर्मा, उप प्रबंधक उत्कर्ष घावरी के रहते हुए गायब हुए थे। लेकिन बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर इसकी जानकारी नहीं दी गई।
