khabar abhi tak

पमरे के साथ डब्ल्यूसीआरएमएस की टीम ने लिए संकल्प, रेलवे सुरक्षा के लिए एआई तकनीक पर जोर



रेलवे का सिगनल तंत्र होगा और भी आधुनिक और सुरक्षित

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में आयोजित सिगनल एंड टेलीकम्युनिकेशन विभाग की विशेष कार्यशाला में सुरक्षा और कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर बड़े फैसले लिए गए। कार्यक्रम में रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के जोनल महामंत्री अशोक शर्मा, कोटा मंडल सचिव अब्दुल खालिक, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस डी पाटीदार, प्रमुख मुख्य अभियंता सिगनल एंड टेलीकम्युनिकेशन एकनाथ मोहकर, मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा और अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश मित्तल सहित रेलवे के कई अधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे। इस बैठक में जहां एक ओर नई तकनीक को अपनाने पर जोर दिया गया, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया गया। रेलवे प्रशासन ने पूरे जोन में प्रत्येक स्टेशन पर एस एंड टी विभाग के लिए अलग से कक्ष बनाने की घोषणा की है, जिसमें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा ट्रेनिंग स्कूल के लिए 120 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करने की जानकारी दी गई।

स्टेशन पर हर कर्मचारी को मिलेगी बुनियादी सुविधा

​महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे जोन के हर स्टेशन पर सिगनल विभाग के लिए एक समर्पित कक्ष बनाया जाए। इस कक्ष में अलमारी, टेबल और कुर्सी जैसी आवश्यक सामग्री मुहैया कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य काम के दौरान कर्मचारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। आयोजन के दौरान यह भी कहा गया कि यदि महीने में एक बार भी सिगनल फेलियर होता है, तो उस स्थान पर ब्रेकडाउन अलाउंस का भुगतान किया जाएगा। कोटा में बन रहे इंटीग्रेटेड ट्रेनिंग सेंटर के लिए भी धन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया है।

कर्मचारियों के हित और सुरक्षा को दी प्राथमिकता

​मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के लिए 8 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही, ड्यूटी के बाद फेलियर अटेंड करने पर अतिरिक्त अलाउंस देने और सभी कर्मचारियों को रिस्क अलाउंस व प्रोटेक्टिव गियर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इन्हें जल्द अमल में लाने की बात कही है। कार्यक्रम में बी एल मिश्रा, हरि प्रकाश मिश्रा, राजेंद्र राजपूत, सत्यनारायण, बी एल भगत, होशियार सिंह, महेंद्र खींची, डी पी अग्रवाल, नवीन ताजी, कमलेश परिहार, संदीप श्रोती, सविता त्रिपाठी, अनीता गोचर, आर सी मीना, डी के शर्मा, रविंद्र शर्मा, सुशील वर्मा, चेतन शर्मा, भरत लाल मीना और विपिन बिहारी शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

नई तकनीक के जरिए बढ़ेगी कार्य की दक्षता

​रेलवे में तकनीक तेजी से बदल रही है, जिसमें एआई का समावेश और कवच सिस्टम को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश मित्तल ने सिगनल एवं टेलीकॉम पर विस्तृत टेक्निकल प्रजेंटेशन दिया, जिसमें कार्य की जटिलता को समझाते हुए कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की गई। सिगनल फेलियर पर गहरी चिंता जताते हुए इसे शून्य पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम का संचालन अब्दुल खालिक ने किया और आभार जोनल अध्यक्ष सी एम उपाध्याय ने व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak