जबलपुर/दमोह। जबलपुर-दमोह रोड स्थित माला मानगढ़ गांव जिला दमोह में खेत में बनी झोपड़ी पर आज शाम 6 बजे के लगभग आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं चार बच्चों सहित 6 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने भरती कर उपचार शुरु कर दिया है।
बताया गया है कि रतन आदिवासी उम्र 28 वर्ष अपने परिवार के साथ खेत में बनी झोपड़ी में परिवार के साथ रहता था। आज शाम 5 बजे के लगभग रतन काम करके अपनी झोपड़ी में आकर बैठ गया, परिवार के सभी लोग बैठकर बातचीत कर रहे थे। 6 बजे के लगभग तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से रतन आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के 4 बच्चों सहित 6 लोग बुरी तरह झुलस गए, आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने देखा तो पहुंच गए और पुलिस को खबर देते हुए सभी को नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने सभी को भरती कर उपचार शुरु कर दिया है।
Tags
jabalpur damoh