मंडला। मंडला के बम्हनी बंजर थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में एक पुलिस कर्मी सुनील सरयाम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुनील वर्तमान में मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ थे और पूर्व में बम्हनी बंजर थाने में भी सेवाएं दे चुके थे। आरक्षक द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया, खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार थाना बम्हनी बंजर स्थित शासकीय आवास में निवासरत आरक्षक सुनील सरयाम आज सुबह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। वहीं परिजन दूसरे कमरे में अपने काम में व्यस्त थे। इस दौरान सुनील ने अपना क मरा बंद कर फांसी लगा ली। सुनील के काफी देर तक कमरे से बाहर न आने से परिजन चितिंत हो गए, उन्होने आवाज लगाई लेकिन कोई जबाव नहीं मिला। जिसपर आसपास रहने वाले पुलिस परिवारों को खबर देकर बुलाया। जिन्होने कमरे को खोला तो देखा कि सुनील फांसी के फंदे पर लटक रहे है। सुनील को इस हालत में देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। खबर मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। वहीं कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।