चित्रकूट। सतना की धर्मनगरी चित्रकूट में आज सुबह एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सती अनुसूइया मंदिर रोड स्थित जंगल में सड़क किनारे मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
वारदात चित्रकूट-सतना मार्ग से लगभग 2 किलोमीटर अंदर सती अनुसूइया मंदिर रोड के जंगल में हुई है। आज सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराई लेकिन किसी ने भी पहचान नहीं की। पुलिस का कहना है कि मृतक की उम्र लगभग 35 साल है। जिसकी शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे है। पुलिस का कहना है मृतक के गले से धारदार हथियार के निशान मिले है, जिससे साफ है कि युवक की हत्या कर लाश को फेंका गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज निकालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है।