जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने के लिए सतत प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आज सोमवार 8 जून को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को समय रहते त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर उसकी स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 पर नम: होटल के समीप एस्केलेटर के सामने एक व्यक्ति के अचानक अस्वस्थ होकर चक्कर आने की सूचना स्टेशन पर उपलब्ध उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री आशीष चड्ढा को प्राप्त हुई। जिन्होंने तत्काल अपने साथ स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री रविकांत के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ ईएमआर क्लिनिक की पैरामेडिकल स्टाफ सुश्री अनीता भी उपस्थित रहीं।
मौके पर पहुंचकर आकस्मिक चिकित्सा सुविधा दल द्वारा संबंधित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के उपरांत भी व्यक्ति को अपेक्षित आराम नहीं मिला तथा वह स्पष्ट रूप से संवाद करने की स्थिति में नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा दल ने बिना विलंब आवश्यक निर्णय लेते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था की तथा संबंधित व्यक्ति को आगे के उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण हेतु शासकीय अस्पताल भेजा गया।
यात्री की सुरक्षा एवं समुचित देखरेख सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऑन ड्यूटी रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों को भी अस्पताल तक साथ भेजा गया, जिससे आवश्यक सहायता एवं समन्वय बनाए रखा जा सके। जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों को त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु चौबीसों घंटे सतर्क व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंडल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय अथवा आपात स्थिति में तत्काल रेलवे कर्मचारियों अथवा हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना प्रदान करें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
