जबलपुर। कटंगी बाईपास के पास दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद उनकी बेटी घायल हुई है।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है, जो भाव सिंह ठाकुर के पुत्र थे। वे जबलपुर से अपने घर गोसलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटंगी बाईपास पर पांडा ढाबा के सामने उनकी बाइक नंबर एमपी20 एमएफ 7188 पहले से खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की 112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके साथ उनकी बेटी आकांक्षा भी थी, जिसकी स्थिति की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना सोमवार की देर शाम की है, थाने की एफआरबी 112 को सूचना प्राप्त हुई थी कि कटंगी बाईपास के पास पांडा ढाबा के पास एक्सीडेंट हुआ है। तत्काल जब स्टाफ वहाँ पहुँचा तो जानकारी प्राप्त हुई कि राजेंद्र ठाकुर, पिता भाव सिंह ठाकुर (उम्र 50 वर्ष) जबलपुर से अपने घर गोसलपुर की तरफ जा रहे थे। पांडा ढाबा के सामने किसी खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। उन्हें तत्काल मेडिकल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार उनके साथ उनकी बेटी आकांक्षा भी थी.
