khabar abhi tak

बिजली दफ्तर में घुसकर सहायक अभियंता से अभद्रता, दफ्तर की लाइट भी बंद की



ओमती पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला किया दर्ज

जबलपुर। ओमती थाना इलाके में स्थित बिजली कंपनी के मढ़ाताल कार्यालय में एक उपभोक्ता द्वारा सहायक अभियंता के साथ गाली-गलौज करने और धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने न केवल अधिकारी से बदतमीजी की, बल्कि दफ्तर की बिजली भी बंद कर दी। पुलिस ने अधिकारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में रुकावट पैदा करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। विद्युत कार्यालय मढ़ाताल में तैनात सहायक अभियंता गोविंद वेंकट रमन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को शहर का मौसम खराब होने के कारण कई इलाकों में बिजली की लाइनें खराब हो गई थीं। इसी दौरान कटंगा क्रिश्चियन कॉलोनी के रहने वाले संजय एंथोनी के घर की बत्ती भी गुल हो गई थी, जिसकी शिकायत लेकर वे बिजली दफ्तर पहुंचे थे। संजय ने वहां मौजूद सहायक अभियंता पर तुरंत बिजली चालू करने का दबाव बनाया।

 समझाइश के बाद भी नहीं माने

​इस पर सहायक अभियंता ने उन्हें समझाया कि मौसम खराब होने से कई जगहों पर फाल्ट आए हैं और पूरा स्टाफ काम पर लगा हुआ है, जल्द ही उनकी समस्या भी दूर कर दी जाएगी। इस बात को सुनते ही संजय भड़क गए और उन्होंने अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दफ्तर की ही बिजली बंद कर दी। पुलिस ने बुधवार रात को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak